पंचकूला। नववर्ष 2026 के पहले दिन पंचकूला पहली बार धर्मनगरी जैसा दृश्य प्रस्तुत करेगा। सेक्टर-5 में आयोजित होने वाले विशाल साईं उत्सव को लेकर शहर में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आकर्षक लाइटिंग, भक्तिमय भजनों और मनमोहक साईं झांकियों के बीच श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति का अनुभव होगा।
सेक्टर-5 पंचकूला में विशेष रूप से तैयार की गई लाइटिंग टनल इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जिसे रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। नववर्ष के अवसर पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी आमंत्रण भेजा गया है।
यह आयोजन शिरडी साईं सेवा समाज (रजिस्टर्ड), पंचकूला की ओर से किया जा रहा है। आयोजन के प्रबंधक अनिल थापर ने बताया कि 25 दिसंबर से 1 जनवरी तक आमजन के लिए भव्य और आकर्षक साईं झांकियों के दर्शन की व्यवस्था की गई है। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अनिल थापर ने बताया कि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 51 प्रकार के लड्डू और पंजीरी के विशेष दर्शन भी होंगे। साईं बाबा के भव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। वहीं भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत बृजवासी साईं बाबा का गुणगान करेंगे। साईं उत्सव की शुरुआत प्रतिदिन शाम 6 बजे से होगी।