केंद्र अर्बन चैलेंज फंड की स्कीम में 25 प्रतिशत करेगा व्यय, प्रोजेक्ट यूएलबी को भेजा
क्रिकेट के साथ वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस और स्विमिंग की भी होंगी सुविधाएं
आदित्य शर्मा
पंचकूला। पंचकूला में एक और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। नगर निगम गांव नगल में इस स्टेडियम के निर्माण की योजना बना रहा है। स्टेडियम के साथ ही अन्य खेलों की सुविधाओं वाला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा। फिलहाल प्रोजेक्ट के ड्राइंग तैयार कर यूएलबी को सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया है। निगम का इरादा अंतरराष्ट्रीय मानकों का क्रिकेट स्टेडियम बनाने का है, ताकि भविष्य में यहां इंटरनेशनल मैचों का आयोजन हो सके। इस संबंध में नगर निगम हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर मंजूरी और सहयोग मांगेगा। वहीं केंद्र अर्बन चैलेंज फंड के तहत स्टेडियम के निर्माण में 25 प्रतिशत तक व्यय करेगा।
नगर निगम आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि नगल साइट पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट की लोकेशन में हाल ही में थोड़ा बदलाव किया गया है, जिससे प्रस्तावित स्टेडियम के आसपास और भी ज्यादा खाली जमीन उपलब्ध हो गई है। आयुक्त ने कहा कि साइट पर पर्याप्त खाली जमीन है, जहां जमीन अधिग्रहण के बाद दर्शकों के बैठने के लिए जगह बनाई जा सकती है। हम इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र लिखने जा रहे हैं।
आयुक्त ने बताया कि पड़ोसी इलाकों में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम हैं, लेकिन पंचकूला में अभी ऐसा कोई स्टेडियम नहीं है। उन्होंने कहा कि मोहाली और चंडीगढ़ में स्टेडियम हैं, लेकिन पंचकूला में नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि ट्राईसिटी की इस तरफ एक ऐसा इंटरनेशनल स्टेडियम बनाएंगे। इस लोकेशन के कई फायदे हैं, जिनमें कम ट्रैफिक और ज्यादा जगह शामिल है।
खिलाड़ियों को प्रैक्टिस पिच, पवेलियन, ड्रेसिंग रूम की सुविधाएं
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार नगल की लोकेशन शहर के लिए सबसे उपयुक्त है। यहां आसपास खुली जमीन है, जिससे भविष्य में स्टेडियम का विस्तार भी किया जा सकेगा। खिलाड़ियों के लिए प्रैक्टिस पिच, पवेलियन, ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और दर्शकों के लिए आधुनिक बैठने की व्यवस्था बनाने की योजना है। स्टेडियम को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यहां दिन-रात के मैच भी हो सकें।
ट्राईसिटी में कहां-कहां हैं स्टेडियम
फिलहाल ट्राईसिटी में मुख्य इंटरनेशनल क्रिकेट वेन्यू मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम है। 2021 में खुला यह स्टेडियम करीब 38,000 दर्शकों की क्षमता वाला है और आईपीएल में पंजाब किंग्स का होम ग्राउंड है। इसने मोहाली के आईएस बिंद्रा पीसीए स्टेडियम की जगह ली है। आईएस बिंद्रा स्टेडियम ऐतिहासिक मैदान है, जहां विश्व कप समेत कई बड़े इंटरनेशनल मैच हुए हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्टेडियम में 1980 और 1990 के दशक में इंटरनेशनल मैच हुए थे, जबकि ताऊ देवीलाल स्टेडियम इंटरनेशनल मानकों पर खरा नहीं उतरता।
क्रिकेट के साथ ये खेल भी होंगे
नगल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट स्टेडियम के अलावा वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, स्विमिंग और अन्य खेलों के लिए भी इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। निगम का मानना है कि इससे पंचकूला के खिलाड़ियों को एक ही जगह सभी खेलों की सुविधा मिलेगी और शहर की पहचान स्पोर्ट्स हब के रूप में बनेगी।