केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बीरेंद्र सिंह खिलाड़ियों से मिलते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेलों में खिलाड़ियों की प्रतिभा के निखार के लिए उसे बंधनमुक्त करना चाहिए। देश में स्थित खेल संघों व एसोसिएशन पर सरकार का सीधा नियंत्रण होना चाहिए। इन संघों व एसोसिएशन में 50 प्रतिशत उत्कृष्ट खिलाड़ी भी शामिल होने चाहिए। तभी अच्छे खिलाड़ियों का चयन हो सकेगा।
केंद्रीय मंत्री सोमवार को पंचकूला सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया की जिला हरियाणा इकाई क्रिकेट फेडरेशन ऑफ हरियाणा की ओर से आयोजित शहीद भगत सिंह क्रिकेट कप के लिए द्वितीय हरियाणा ग्रामीण जूनियर प्रीमियर नेशनल लीग क्रिकेट अंडर 19 व 14 डे-नाइट चैंपियनशिप 2016 का शुभारंभ करने के बाद खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण आंचल के युवाओं को क्रिकेट में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए क्रिकेट फेडरेशन ऑफ हरियाणा बधाई की पात्र है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन के इस प्रयास से निश्चित ही ग्रामीण क्षेत्र व गरीब परिवारों के बच्चों को एक्सपोज होने का मौका मिलेगा। फेडरेशन इसी तरह लड़कियों के लिए भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियां भी क्रिकेट जैसे खेल में अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
उन्होंने कहा क्रिकेट को अमीर परिवारों के बच्चों को खेल माना जाता है, लेकिन इस तरह की प्रतियोगिताओं से गरीब परिवारों के बच्चों को भी आगे बढने का मौका मिलेगा। क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन एवं राज्यसभा के सदस्य वी हनुमंता राव ने कहा कि इस प्रतियोगिता के लिए ट्राफी का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा है, जोकि युवाओं के प्रेरणादायक है।