लू के थपेड़ों ने बढ़ाई परेशानी, डॉक्टर बोले- दोपहर में घर से निकलने से बचें
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर में मंगलवार को तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूरज की तपिश बढ़ने लगी और दोपहर तक लू जैसे हालात बन गए। 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। तेज धूप और लू का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों, रेहड़ी चालकों और खुले में काम करने वाले लोगों पर देखने को मिला। सेक्टर-5, 6 और 7 समेत कई इलाकों में लोग सिर और चेहरा ढककर धूप से बचाव करते नजर आए। वहीं दोपहिया वाहन चालकों को भी गर्म हवाओं के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ी। बाजारों में दोपहर के समय ग्राहकों की संख्या कम रही।
शहर का न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में लू का असर और बढ़ सकता है।
दोपहर में धूप से बचने की सलाह
पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 के एमडी मेडिसिन डॉ. गिरीश बंसल ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी और लू के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिर दर्द और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर ढककर रखने की सलाह दी गई है।