- हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने वॉकथॉन को झंडी दिखाई
- फिल्म अभिनेता दर्शन औलख, गायिका रूपिंदर हांडा, अभिनेत्री जसगुन कौर भी पहुंचे
- 25 स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, खेल, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के 600 से ज्यादा लोग हुए शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। यवनिका पार्क से सेक्टर-5/8 की लाइटों तक कदम से कदम मिलाकर रविवार सुबह पचंकूला वासियों ने लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में सबकी सहभागिता के लिए आवाज बुलंद की। मौका था अमर उजाला की ओर से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित वॉकथान का।
वॉकथान में शहर के 25 स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, खेल, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के 600 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया और लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक किया। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल और विशेष अतिथि के रूप में फिल्म अभिनेता दर्शन औलख, पंजाबी गायिका रूपिंदर हांडा, अभिनेत्री जसगुन कौर मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा हिमांगी शर्मा ने अपनी कविता युवाओं मतदान करना और करवाना होगा... सुनाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। उसके बाद हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। कहा कि मतदान करेंगे पूरे जोश के साथ। बूथ पर जाकर मतदान करना ही हम सब के लिए शपथ है। अनुराग अग्रवाल ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में वॉकथॉन कराने का अमर उजाला का प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर मुझे काफी खुशी हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार हरियाणा में सबसे अधिक मतदान करने वाले जिलों में शामिल होगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि अपने बच्चों को जरूर मतदान केंद्रों पर पहुंचें। उनके साथ सेल्फी लें और उसे चुनाव आयोग की ओर से बनाई गई वेबसाइट पर अपलोड करें। इससे मतदान के प्रति बच्चों में अभी से उत्साह रहेगा। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सुबह सात बजे सेक्टर-5 के यवनिका पार्क के मुख्य प्रवेशद्वार से वॉकथान को हरी झंडी दिखाई। मौके पर हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमा शर्मा, एडीसी सचिन गुप्ता, पंचकूला नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर सिमरजीत कौर, सिटी मजिस्ट्रेट मन्नत राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वोटर इन क्यू एप करेगा मदद, नहीं लगानी पड़ेगी लाइन
मुख्य अतिथि अनुराग अग्रवाल ने कहा कि शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाने के लिए प्रदेश में पहली बार लोकसभा चुनाव में वोटर इन क्यू मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जाएगा। इस एप का सबसे बड़ा लाभ यह है कि वोटरों को वोट डालने के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वह भीड़ कम होते ही वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच सकते हैं। 25 मई को होने वाले लोकसभा 2024 में मतदाता वोटिंग के दिन मतदान केंद्रों पर लगने वाली भीड़ को लाइव देख सकेंगे और अपनी सुविधा अनुसार मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पर जा सकते हैं।
इनको किया गया सम्मानित
पॉलिवुड और बॉलीवुड अभिनेता दर्शन औलख, पंजाबी सिंगर रूपिंदर हांडा, अभिनेत्री जसगुन कौर, दृष्टि आई अस्पताल के सीएमडी डॉ. अशोक गुप्ता, रोलिंग टाइगर्स क्लब के डायरेक्टर चंदर सिंघल, लेडीज क्लब की प्रधान शारदा कठपालिया, श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट और निफा चंडीगढ़ प्रधान राकेश कुमार संगर, शहीद भगत सिंह जागृति मंच के प्रधान जगदीश भगत सिंह, एनर्जेटिक योग संस्थान के फाउंडर विनोद बजाज और को-फाउंडर सुमन गुगनानी, प्रणाम इंडिया फाउंडेशन की डायरेक्टर शालू गुप्ता, हिमांगी शर्मा, पंचकूला सेक्टर-1 पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर अनिल पांडे को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।