तीन किलोमीटर दूर जाकर करना पड़ा मतदान, बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को हुई दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-20 के गांव मटटावाला में मतदान केंद्र नहीं बनाए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को मतदान के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर गांव बिल्ला स्थित केंद्र पर जाना पड़ा, जिससे बुजुर्गों और बीमार मतदाताओं की मुश्किलें बढ़ गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव मटटावाला में मतदान केंद्र नंबर-195 बनाया गया है और गांव में करीब 494 वोट हैं। इसके बावजूद मतदान केंद्र गांव बिल्ला के स्कूल में बनाया गया। लोगों का कहना है कि उनके गांव में प्राइमरी स्कूल मौजूद होने के बावजूद मतदान केंद्र नहीं बनाया गया।
गांव निवासी लंबरदार रामलाल, चौधरी अच्छर पाल, रंगी राम, सुरेश कुमार, भीम सिंह, जसविंदर, सतपाल, पाला राम, शमशेर सिंह, दीपी, अजय, गुरपाल, गुरमुख सिंह, दिलबाग सिंह, सतविंदर और धरमवीर काला समेत अन्य लोगों ने बताया कि पिछली नगर निगम चुनाव में गांव में ही मतदान केंद्र बनाया गया था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने से लोगों में रोष है।
ग्रामीणों ने कहा कि कई लोगों के पास निजी वाहन नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें मतदान के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग और बीमार लोगों को हुई। उन्होंने कहा कि आसपास के कई गांवों में कम वोट होने के बावजूद मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि उनके गांव को नजरअंदाज किया गया।
ग्रामीणों ने मांग की कि भविष्य में होने वाले चुनावों में गांव मटटावाला में ही मतदान केंद्र बनाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।