बॉर्डर एरिया के सभी पुलिस नाकों पर चेकिंग अभियान तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद पंचकूला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और बॉर्डर एरिया के सभी पुलिस नाकों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने बताया कि सभी एसीपी, एसएचओ और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच करने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिले के सभी परमानेंट नाकों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
साथ ही पब्लिक प्लेस, मार्केट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है। बॉर्डर एरिया से आने-जाने वाले वाहनों पर कैमरों और नाकों पर तैनात पुलिस टीमों के माध्यम से कड़ी नजर रखी जा रही है। दिल्ली में सोमवार को लाल किले के समीप कार धमाके के बाद हरियाणा के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।