इंटर स्टेट बॉर्डर से लेकर बाजारों तक कड़ी निगरानी, सभी पुलिसकर्मियों के अवकाश रद्द
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गणतंत्र दिवस को लेकर पंचकूला जिला पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पंचकूला पुलिस ने जिलेभर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। इंटर स्टेट बॉर्डर से लेकर शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं और 26 जनवरी तक पुलिस पूरी तरह अलर्ट रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिले के प्रवेश और निकास मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इंटर स्टेट बॉर्डर पर बनाए गए नाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन, होटल और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी
डीसीपी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, सराय, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र किसी को ठहरने न दिया जाए। इन निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमें लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर डॉग स्क्वायड की मदद से नियमित चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही पैदल और मोबाइल गश्त बढ़ा दी गई है। सभी पीसीआर, राइडर और ईआरवी वाहन 24 घंटे अलर्ट मोड में तैनात हैं।
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत दें सूचना
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी लावारिस वस्तु को स्वयं छूने या खोलने का प्रयास न करें।