संवाद न्यूज एजेंसी
बरवाला। जिला पंचकूला के खंड बरवाला स्थित गांव रिहौड़ के होनहार छात्र वंशु शर्मा ने जेईई मेन परीक्षा 2026 सेशन-01 में 99.7 एनटीए स्कोर हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पंचकूला विधायक चंद्र मोहन ने उनके निवास पर पहुंचकर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वंशु शर्मा ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के अपने दम पर कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर प्राप्त की है। उनकी उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
चंद्र मोहन ने वंशु शर्मा को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आगे भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर आईएएस और आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं में स्थान प्राप्त करें और देश की सेवा करें। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर ऊंचाई हासिल की जा सकती है।
इस अवसर पर वंशु शर्मा के पिता मोहित शर्मा, गांव के रविंद्र शर्मा, दविंदर शर्मा, गुरजीत पंच, मिंकु शर्मा और नवीन गोयल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।