प्रथम अश्विनी गुप्ता मेमोरियल क्रिकेट लीग चैंपियनशिप का खिताब चंडीगढ़ टाइगर्स ने जीत लिया। मुख्यातिथि पंचकूला के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
अंडर 19 लीग क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को चंडीगढ़ टाइगर्स एवं पंचकूला जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ टाइगर्स की टीम ने 25 ओवर में 9 विकेट खोकर 162 रन बनाए। युवराज गिल ने 50, रविकांत ने 32, अरमान सिंह ने 24 रन बनाए। हिमांशु गौत्तम ने 19 देकर 2, मनदीप भारद्वाज ने 24 रन देकर 2, अरुण जगलान ने 23 रन देकर 2 विकेट झटके। जवाब में पंचकूला जिला की टीम 25 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना पाई।
विशेष मल्होत्रा ने 45, क्षतिज शर्मा ने 35, अमन ने 11 रन बनाए। त्रेयक्ष बाली ने 35 रन देकर 2, उत्कर्ष बाली ने 17 रन देकर 2, अरमान सिंह ने 32 रन देकर 2 विकेट झटके। चैंपियनशिप में वैभव शर्मा को बेस्ट प्लेयर आफ द टूर्नामेंट, क्षतिज शर्मा को बेस्ट बेट्समैन, मनदीप भारद्वाज को बेस्ट बॉलर एवं त्रेयक्ष बाली को बेस्ट ऑल राउंड के खिताब से नवाजा गया। ज्ञान चंद गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, हारने वाले को फिर से जीतने के लिए हमेशा प्रयास करना चाहिए।
गुप्ता ने फेडरेशन के महासचिव अमरजीत कुमार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता रंजीता मेहता ,हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के संदीप मोदगिल, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता सुशील कपूर, स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यकारी प्रधान विनोद कुमार, प्रधान सुरेंद्र गोयल, सुनीता नैन, खेल अधिकारी डीके राणा भी उपस्थित थे।