बैंक खाते में अचानक लाखों रुपये आ जाएं खुशी का ठिकाना नहीं रहता। खाता धारक कई सपने संजोने लगता है लेकिन पंचकूला सेक्टर-1 में हेयर ड्रेसर मोहित ने मिसाल कायम की है।
मोहित ने बिना लालच किए खाते में 25 लाख रुपये आने की जानकारी साइबर पुलिस को दी। साथ ही एसबीआई में जाकर शिकायत दी। इसके बाद बैंक ने इन रुपयों को होल्ड किया। खड़क मंगोली निवासी मोहित ने बताया कि 16 अप्रैल को दोपहर में दुकान में काम करते समय अचानक 25 लाख रुपये आने का मैसेज फोन पर आया।
उसने मोबाइल में फोन पे पर चेक किया तो खाता में 25 लाख रुपये शो हो रहे थे। इसके बाद तत्काल रुपये आने की जानकारी परिजनों को दी। वहीं, परिवार वालों के कहने पर 17 अप्रैल को सेक्टर-1 एसबीआई गए। वहां लिखित में रुपये आने की जानकारी एसबीआई मैनेजर को दी। मोहित का खाता जिला बदायूं के एसबीआई ब्रांच का है। बैंक मैनेजर से संपर्क कर कार्रवाई की जाएगी।
1930 पर करें शिकायत
अगर गलती से खाता में रुपये आ जाएं तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैंक में जाकर रुपये आने की शिकायत बैंक मैनेजर को जरूर दें। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो साइबर ठगी जाल में फंस सकते हैं। ठगों के जाल में न फंसें, तत्काल टोल फ्री नंबर-1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस तत्काल खाता को होल्ड कर रुपये वापस और साइबर ठगों को ट्रेस करने में सफल होती है। वर्तमान समय में ठग नए-नए तरीका अपना रहे हैं। -मुनीष कुमार, इंस्पेक्टर, साइबर थाना प्रभारी