मोरनी। मोरनी क्षेत्र की 26 पंचायतों में शुक्रवार सुबह लगभग 9:00 से दोपहर 3:00 बजे तक बिजली गुल रही। अचानक बिजली गुल होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हालांकि शुक्रवार को सरकारी कार्यालयों में अवकाश होने के कारण सरकारी कार्य प्रभावित नहीं हुए, लेकिन आम नागरिकों परेशानी उठानी पड़ी।
बिजली न रहने से लोगों के दैनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई। खासकर दूध, दही और अन्य डेरी उत्पाद बेचने वालों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। बिजली न होने से उनकी सामग्री के खराब होने का खतरा बढ़ गया, जिसके चलते कई लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में जनरेटर का सहारा लिया। स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि यदि पहले से सूचना दी जाती तो वे वैकल्पिक इंतजाम कर सकते थे। अचानक बिजली चले जाने से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।