पंचकूला। पंचकूला जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय संधीर ने सेक्टर-2 बाल निकेतन, सेक्टर-15 शिशु गृह और सेक्टर-16 आशियाना शेल्टर होम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों के रहने, पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। न्यायाधीश ने स्टाफ को हर समय साफ-सफाई और हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए।
जज ने किचन, डाइनिंग एरिया, लाइब्रेरी और बेडरूम सहित सभी सेक्शन का ध्यानपूर्वक निरीक्षण किया और बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने बच्चों के लिए मेडिकल, सुरक्षा और मनोरंजन की सुविधाओं के इंतज़ाम की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देने और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। न्यायाधीश ने शेल्टर होम में बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और सहयोगी माहौल बनाए रखने पर जोर दिया। पंचकूला सीजेएम अजय कुमार घनघस भी विज़िट के दौरान मौजूद रहे।