पंचकूला सिविल अस्पताल में जब रात में वार्डों का जायजा लिया तो इमरजेंसी में सिर्फ एक गार्ड मिला। इसके बाद बच्चा वार्ड में कोई गार्ड नहीं मिला। वहीं ऊपर के तल पर जाने के लिए लिफ्ट के पास भी कोई सुरक्षाकर्मी नहीं दिखा।
पंचकूला के सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल से बच्चा चोरी होने बावजूद अस्पताल प्रशासन हरकत में नहीं आया है। वीरवार को जब टीम ने रात 10 बजे से 2 बजे तक सुरक्षा व्यवस्था के लिए रिएलिटी चेक किया तो पूरे अस्पताल में महज तीन से चार सिक्योरिटी गार्ड दिखे।
विज्ञापन
इमरजेंसी वार्ड के बाहर तैनात कुछ अस्पताल कर्मियों से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पूरे अस्पताल में कुल 35 गार्ड नियुक्त किए गए हैं, लेकिन इसमें से 10 सुरक्षाकर्मियों को नेताओं और अधिकारियों के कोठी पर तैनात किया गया है। इस वजह से अस्पताल में सिर्फ तीन शिफ्ट में सिर्फ 25 गार्ड तैनात किए गए हैं। सुबह से दोपहर और दोपहर से शाम की शिफ्ट के बाद रात में तैनाती के लिए सुरक्षाकर्मियों की कमी हो जाती है। दोनों शिफ्ट में कुल 24 सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाते हैं।
रात में होने चाहिए 12 गार्ड
अस्पताल में जब रात में वार्डों का जायजा लिया तो इमरजेंसी में सिर्फ एक गार्ड मिला। इसके बाद बच्चा वार्ड में कोई गार्ड नहीं मिला। वहीं ऊपर के तल पर जाने के लिए लिफ्ट के पास भी कोई सुरक्षाकर्मी नहीं दिखा। पूरे अस्पताल में रात को तीन गेट खुले मिले जहां सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं थे। मरीजों और तीमारदारों के बारे में किसी भी तरह से कोई पूछताछ नहीं की जा रही थी। सी ब्लॉक की तरफ भी सुरक्षा के लिहाज से गार्ड की तैनाती नहीं रही।
पुलिस चौकी के जवान नहीं मिले गश्त पर
नाइट रिएलिटी चेकिंग के दौरान यह भी देखा गया कि अस्पताल में बने सेक्टर-6 पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मी भी अस्पताल परिसर में गश्त पर नहीं मिले। लोगों के मुताबिक पुलिस वारदात के बाद ही जांच के लिए पहुंचती है। इमरजेंसी गेट से लेकर पूरे अस्पताल परिसर में न तो पुलिसकर्मी मिले और न ही सिक्योरिटी गार्ड नजर आए। बच्चा चोरी की वारदात होने के बावजूद अस्पताल परिसर में ये हालात नजर आए।
नागरिक अस्पताल में सुरक्षा के लिए डीजी हेल्थ से 20 सुरक्षा कर्मियों की मांग की है। दो माह पहले अस्पताल में तैनात 10 सुरक्षा कर्मियों को डीजी हेल्थ की मांग पर भेजा गया है। इस कारण अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की कमी चल रही है। - डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला नागरिक अस्पताल