कंडियाला-ओरियां मार्ग की मरम्मत लटकी, एसडीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कंडियाला से ओरियां गांव तक जाने वाली उखड़ी सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्राम पंचायत कंडियाला ने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई है। पंचायत ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई है।
सरपंच करन सिंह ने ज्ञापन में बताया कि सड़क मरम्मत का टेंडर संबंधित ठेकेदार को दिया गया था। ठेकेदार ने जेसीबी से सड़क उखाड़ दी, लेकिन तीन से चार महीने बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया।
पंचायत के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस रहे हैं। ग्रामीणों को रोजाना आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा भी बना हुआ है।
ग्राम पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।