रायपुररानी। हरियाणा पंचायत कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याएं और लंबित मांगें उठाईं। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की अपील की, जिस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों की जांच और समीक्षा कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष श्रीओम और जिला उपाध्यक्ष सुंदर सिंह ने किया। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने पंचायतों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों की कार्य परिस्थितियों, प्रशासनिक समस्याओं और अन्य लंबित मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के संचालन और सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में कंप्यूटर ऑपरेटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई व्यावहारिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिनका समाधान आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। उन्होंने संबंधित मामलों की जांच और समीक्षा कराने का आश्वासन भी दिया।
मुलाकात के बाद संघ पदाधिकारी श्रीओम, सुंदर सिंह, राजेश कुमार, संदीप कुमार, अनिल कुमार, रविंद्र सिंह और अन्य सदस्यों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत देगी। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के आश्वासन पर संतोष भी व्यक्त किया।