पिंजौर। पिंजौर नालागढ़ रोड पर स्थित गांव लोहगढ़ के लोगों ने पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा सुबह-शाम दोनों समय पेयजल आपूर्ति नहीं करने विरोध में नाराजगी प्रकट कर ट्यूबवेल पर ताला जड़ दिया। पब्लिक हेल्थ के एसडीओ विनोद कुमार ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद गांववासियों का गुस्सा शांत हुआ। एसडीओ ने इस दौरान ग्रामीणों को सुबह और शाम पानी आपूर्ति का आश्वासन दिया। प्रधान गुरदयाल सिंह, पूर्व सरपंच गुरचरण सिंह, भूपेंद्र, रंजीत सिंह, गुरमीत, हरपाल सिंह, सुरजीत सिंह, काला ने बताया की गांव लोहगढ़ में कुल डेढ़ सौ घर हैं। करीब 800 लोगों की आबादी है। सरकार द्वारा गांव की जमीन पर सात ट्यूबवेल लगाए गए हैं।
उसके बावजूद भी गांव वासी पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों ने बताया कि इन सात ट्यूबवेल का अधिकतर पानी कालका और आसपास की कॉलोनियों में सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है जबकि गांव लोहगढ़ में पानी की सप्लाई एक बार ही की जा रही है। वह भी सिर्फ एक या आधे घंटे के लिए जोकि पर्याप्त नहीं है। इसी समस्या को लेकर गांव वासियों ने ट्यूबवेल के कमरे पर ताला लगा दिया। गांव वासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से भी फोन पर बातचीत की परंतु ना तो विभाग की ओर से कोई उचित कार्रवाई की गई और ना ही कोई विभागीय अधिकारी मौका देखने पहुंचा।
इस संदर्भ में जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि रात को मोटर की केबल काट ली गई है। इस वजह से पानी की सप्लाई नहीं हो पाई और उन्होंने कहा कि गांववासियों की मांग के अनुसार उन्हें सुबह शाम-पानी की सप्लाई दी जाएगी।