चंडीगढ़। गैंगस्टरों के खिलाफ पंजाब पुलिस के ऑपरेशन प्रहार-2 के दूसरे दिन सूबे के विभिन्न जिलों में पुलिस ने गैंगस्टरों व उनके गुर्गों के 2706 अड्डों पर दबिश देकर 1634 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रहेगी।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि वांछित अपराधियों को पकड़ने पर फोकस करते हुए 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू किया था। इसके दूसरे दिन पंजाब पुलिस हेडक्वार्टर के वरिष्ठ अधिकारी ऑपरेशन को लीड करने के लिए खुद विभिन्न जिलों में मौजूद रहे। लगभग 12 हजार कर्मचारियों वाली दाे हजार से ज्यादा पुलिस टीमों ने पूरे पंजाब में अपराधियों के संभावित अड्डों पर दबिश दी।
इस दौरान 2596 लोगों को पकड़ा गया जिनमें से 1634 को गिरफ्तार किया गया। इसमें 53 घोषित अपराधी और 534 प्रिवेंटिव डिटेंशन शामिल हैं। इसके अलावा 1015 लोगों को वेरिफाई किया गया और पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया।
डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने कहा कि लोग एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के जरिये वॉन्टेड क्रिमिनल्स व गैंगस्टरों से जुड़ी जानकारी गुमनाम रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं। वे लोग क्राइम और क्रिमिनल एक्टिविटी पर टिप्स भी शेयर कर सकते हैं।
नशा तस्करी के 215 आरोपी गिरफ्तार
उधर नशे के खिलाफ पंजाब पुलिस के एक अन्य अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध के 346वें दिन दबिश के दौरान नशा तस्करी के 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 2.7 किलो हेरोइन, 863 नशीली टैबलेट/कैप्सूल व 12,040 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई। 27 लोगों को नशा मुक्ति और रिहैबिलिटेशन ट्रीटमेंट के लिए मनाया।