फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सस्ती चिकित्सा सुविधा के लिए ओपीडी और डायग्नोस्टिक सेंटर बनेगा

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। लोगों को सस्ती चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल परिसर में वीरवार को हुई बैठक में ओपीडी की सुविधा के साथ डायग्नोस्टिक सेंटर की स्थापना समेत 45 करोड़ के अन्य कार्यों को स्वीकृति दी गई। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की 18वीं बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई। मुख्यमंत्री ने योजनाबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की साथ लगती 10 एकड़ अतिरिक्त भूमि को बोर्ड को हस्तांतरित करने की भी संभावना तलाशने के निर्देश दिए। बैठक में कुल 25 एजेंडे रखे गए थे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा भी बैठक में उपस्थित थे।
विज्ञापन

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा डायग्नोस्टिक सेंटर
माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को जल्द से जल्द डायग्नोस्टिक सेंटर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चार कनाल और छह मरला भूमि पर बनने वाले इस डायग्नोस्टिक सेंटर में आने वाले लोगों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए सेवानिवृत्त डॉक्टरों के अलावा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों से जुड़े चिकित्सकों की सेवाएं भी ली जानी चाहिए। यह डायग्नोस्टिक सेंटर श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा बनाया और चलाया जाएगा। सेंटर सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। सेंटर में उपचार और परीक्षण की सुविधाएं रियायती दरों पर प्रदान की जाएंगी।
भूमि का कब्जा लेकर जल्द शुरू करें महाविद्यालय का निर्माण
श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल परिसर में संस्कृत महाविद्यालय के स्थापना कार्य की प्रगति की समीक्षा कर मनोहर लाल ने उच्च शिक्षा विभाग को जल्द भूमि का कब्जा लेने और भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। यह संस्कृत महाविद्यालय 2.10 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया आगामी सत्र से शुरू हो जाएगी और जब तक संस्कृत महाविद्यालय का निर्माण नहीं हो जाता तब तक इसकी कक्षाएं श्री माता मनसा देवी धर्मार्थ भंडारा कमेटी के ऊपरी भूतल पर खाली हाल में शुरू की जाएंगी।
विज्ञापन

केंद्रीय आयुष मंत्रालय से बात करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी पूजा स्थल परिसर मेें राष्ट्रीय आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान की स्थापना के मुद्दे पर केंद्रीय आयुष मंत्रालय से बात करने के भी निर्देश दिए। इस संस्थान की स्थापना के लिए श्राइन बोर्ड ने आयुष मंत्रालय को अपने परिसर में 20 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई है। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना की आधारशिला रखी थी, जिस पर 278.66 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
मंदिर में जल्द खोला जाएगा दूसरा प्रवेश द्वार
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खुले दृश्य और दर्शन के लिए श्री माता मनसा देवी मंदिर में दूसरा प्रवेश द्वार भी खोला जाएगा। इस समय श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर के दाईं ओर बनाए गए एक एंट्री शेड के माध्यम से बनाई जाती हैं। इसके अलावा मोरनी के पास चंडीवास मंदिर में एक शेड के निर्माण का भी निर्णय लिया गया, जिस पर अगले सप्ताह कार्य शुरू हो जाएगा। इसके अलावा मंदिर की रिटेनिंग वॉल या चारदीवारी का भी निर्माण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि काली माता मंदिर, कालका के अपने दौरे के दौरान मनोहर लाल ने चंडीवास मंदिर का भी दौरा किया था। जहां उनसे मंदिर में एक शेड और चारदीवारी के निर्माण के लिए अनुरोध किया गया था।
1.20 करोड़ की लागत से तैयार होगा कॉरिडोर
बैठक में बताया गया कि मुख्य मनसा देवी मंदिर और पटियाला मंदिर को जोड़ने वाले नए कॉरिडोर का निर्माण कार्य 1.20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से इस साल अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसी तरह लक्ष्मी भवन परिसर के पास वृद्धाश्रम के निर्माण का कार्य 10.49 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सितंबर 2021 तक पूरा हो जाएगा। पांच मंजिला भवन में 52 व्यक्तियों के रहने की क्षमता होगी। बैठक में एसीएस एसएन राय, उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, गैर सरकारी सदस्य बंतो कटारिया, लतिका शर्मा, विशाल सेठ, श्यामलाल बंसल, कार्यकारी अधिकारी एमएस यादव शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें