चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज के पास उस समय हंगामा हो गया, जब 6 से ज्यादा युवकों ने गाड़ी सही ढंग से मोड़ने को लेकर बीए फाइनल ईयर के स्टूडेंट और उसके दोस्तों को रॉड, बेसबॉल और चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान नवनीत गिल, अमरजोत और नरेंद्र के रूप में हुई है। शिकायत पर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से फतेहाबाद के टोहाना (हरियाणा) निवासी नवनीत गिल (20) ने बताया कि वह सेक्टर-15 रहता है और सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर का छात्र है। बीते वीरवार देर शाम को डीएवी के हॉस्टल में रहने वाले दोस्त सूर्यांश का फोन आया। उसने कहा कि वह उसे मिलने आ जाए जिसके बाद वह दोस्त नरेंद्र और अमरजोत के साथ गाड़ी से सेक्टर-10 डीएवी कॉलेज गया। कॉलेज के पास पहुंचते ही गाड़ी को यू-टर्न कि या। शिकायतकर्ता नवनीत गिल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे कालेज के ही रविंद्र और राहुल ने रोक लिया। इसके बाद उन्होंने इशारा कर शीशे को नीचे उतरवा कर दोनों ने बहस शुरू कर दी। आरोप है कि थोड़ी देर बाद उन लोगों ने 5 से 6 युवकों को बुलाकर उनके ऊपर चाकू, किरच, बेसबॉल बैट और डंडों से हमला कर दिया। इसमें तीनोें को काफी चोटें आई। इतना ही नहीं आरोपियों ने दोस्त अमरजोत को जबरन गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। इसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी का बयान दर्ज कर उदेश राणा, देविंद्र मंड, परमिंदर सिंह, राजा सैनी, राहुल कश्यप, रविंद्र समेत अन्य पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।