मोहाली। बलौंगी में युवती को लेकर हुए विवाद में बरनाला निवासी युवक पर फायरिंग के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। वारदात में शामिल एक हमलावर की पहचान सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस उसके अन्य साथियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वीरवार देर रात कार सवार हमलावरों ने युवक पर तीन गोलियां चलाई थीं। गनीमत रही कि उसे गोली नहीं लगी। पुलिस जांच के अनुसार, बरनाला निवासी अरविंदर अपने दोस्त के साथ बलौंगी में मौजूद था। इसी दौरान कार में सवार होकर तीन-चार हमलावर वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग कर फरार हो गए। शुरुआती जांच में मामला युवती को लेकर हुए विवाद और आपसी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस विवाद की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सीपी-67 मॉल के पास छोड़ गए कार
वारदात के बाद आरोपी अपनी फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार सीपी-67 मॉल के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से 32 बोर का एक खोल भी बरामद हुआ था। पुलिस कार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। शुरुआत में पुलिस को हवाई फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो अरविंदर पर गोलियां चलाए जाने का पता चला। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों की जांच शुरू कर दी है।
युवती से जुड़े विवाद की भी जांच
पुलिस यह पता लगा रही है कि युवती को लेकर विवाद किस बात पर हुआ और दोनों पक्षों के बीच रंजिश कैसे शुरू हुई। शुरुआती जांच में पुलिस ने गैंगस्टर कनेक्शन से इन्कार किया है। मामले की जांच बलौंगी थाना पुलिस और खरड़ सीआईए कर रही है। डीएसपी सिटी-1 खरड़ ईशान सिंगला ने बताया कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी।