पंचकूला। आपको अपना बिजली का बिल चाहिए तो आप उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में रजिस्टर्ड अपने मोबाइल नंबर से 70870-19636 नंबर पर मिस्ड काल करें। इस काल से आपको एक लिंक मिलेगा, जिसे डाउनलोड करने पर आपको आपका बिल मिल जाएगा। इतना ही नहीं, अब स्मार्ट मीटर उपभोक्ता प्री पेड सुविधा का लाभ भी उठा सकेंगे।
बिजली वितरण निगमों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मिस्ड कॉल अलर्ट सर्विस शुरू की है। इसके तहत उपभोक्ता को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल से मिस्ड कॉल करने पर मैसेज के माध्यम से एक लिंक प्राप्त होगा। इस पर क्लिक करके उपभोक्ता अपना बिजली बिल डाउनलोड व भुगतान कर सकते हैं। बिजली निगम ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल देकर अपने बिजली बिल से संबंधित सूचना प्राप्त कर आनलाइन माध्यम से सीधे बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं।
बिजली मीटर अकाउंट से जुड़ा हो मोबाइल नंबर
मिस्ड काल की सुविधा का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बिजली मीटर अकाउंट से जुड़ा होना चाहिए। इसके साथ ही उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर व आधार अपडेट कर सकते हैं। बिजली निगम की ओर से दी जाने वाली सब्सिडी और मिस्ड काल अलर्ट सुविधा प्राप्त करने से पहले बिजली उपभोक्ता को आधार अपडेट करवाना होगा। इसके बाद ही उपभोक्ता को सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी का लाभ मिलेगा। इस सुविधा से उपभोक्ताओं को अब बिजली बिल के लिए मीटर रीडर और बिल डिलीवरी का इंतजार नहीं करना होगा।
प्री पेड कनेक्शन भी मिलेंगे
हरियाणा बिजली वितरण निगम पंचकूला शहर के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए प्रीपेड बिलिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है। प्री-पेड कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता को किसी भी प्रकार की सिक्योरिटी जमा नहीं करवानी पड़ेगी। उपभोक्ताओं को महीने के मौजूदा बिजली बिल पर नियमानुसार 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी तथा मीटर रीडिंग का झंझट भी खत्म होगा। उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने एकाउंट बैलेंस को चेक कर सकते हैं जिसके लिए प्ले स्टोर से HBVN Smart Meter मोबाइल एप डाउनलोड कर सकते हैं।
कोट्स
पंचकूला के उपभोक्ताओं को सुविधा देने लिए उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा यह सुविधा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य है कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। दोनों ही सुविधाओं का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ज्यादा से ज्यादा घर बैठे सुविधा देना है।
-मुकेश कुमार आहूजा, डीसी पंचकूला