रायपुररानी। ककराली गांव के पास आमने-सामने की टक्कर में एक टिप्पर चालक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल दोनों चालकों को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल भेजा गया। यहां इलाज के दौरान एक टिप्पर चालक ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब 11 बजे ककराली गांव के दो टिप्परों की टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। थोड़ी देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को एंबुलेंस में सेक्टर-6 भिजवाया। हादसे में सुधीर कुमार उर्फ गुलशन निवासी रायपुररानी की मौत हो गई। सुधीर कुमार का परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है। वहीं, 22 वर्षीय हसीन अली को गंभीर चोटें आईं हैं। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर कब्जे में ले लिया है। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।