चंडीगढ़। सेक्टर-44 में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक मजदूर की सिर में चोट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब वह रोड क्रास कर रहा था। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जीएमसीएच-32 के मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान सेक्टर-44 निवासी महेश दास (57) के रूप में हुई है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सेक्टर-45 निवासी कार चालक अनुज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे का है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-44 में कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। सूचना पर पीसीआर और सेक्टर-34 थाना पुलिस पहुंची और घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि महेश दास सेक्टर-44 स्थित एक प्लाट की देखभाल करता था। सुबह वह किसी काम से जा रहा था। इस दौरान रोड क्रास करते समय उसके साथ हादसा हो गया। वहीं, सेक्टर-34 थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।