दोनाली से फायरिंग में एक काबू, असलहा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। पुलिस ने दोनाली बंदूक से फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी को काबू किया है। साथ ही आरोपी से एक लाइसेंसी दोनाली, दो खाली राउंड सहित एक अवैध कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह है मामला
पुलिस को शिकायत में प्यारेलाल ने बताया कि वह साथी नाजिर उर्फ बिल्लू चौधरी के चौधरी प्रॉपर्टी डीलर दफ्तर में बैठे थे। तभी महताब सिंह निवासी भोगपुर वहां पहुंचा और बहस करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि उसने कट्टा निकालकर नाजिर की कनपटी पर लगा दिया। इस पर नाजिर ने महताब से कट्टा छीन लिया और दोनों में धक्कामुक्की होने लगी। इसके बाद महताब अपने घर चला गया। इसके थोड़ी देर बाद वह अपनी लाइसेंसी दोनाली लेकर आया और दफ्तर के बाहर 2-3 फायर कर दिए, साथ ही जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। तभी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुला लिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दी और उसको गिरफ्तार कर लिया।