चंडीगढ़ सेक्टर 24 स्थित कबाड़ की एक दुकान में इंडिया पोस्ट के नौ बड़े बैग में 284 किलो मैगजीन और डाक बेचने के मामले में आरोपी पवन कुमार का एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर उसे वीरवार को जिला अदालत में पेश किया गया। वहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं, एसएसआरएम पीसी पाल का कहना है कि हम पुलिस के साथ है और अपने स्तर पर भी पूरी जांच कर रहे हैं। बीते मंगलवार को सेक्टर 23 निवासी बिजनेसमैन भूपिंदर सिंह ने बताया था कि उन्हें रतवाड़ा साहिब से फोन आया कि सेक्टर 24 में कोई धार्मिक पत्रिकाएं कबाड़ में बेच रहा है। भूपिंदर जब कबाड़ी की दुकान पर पहुंचे तो वहां पर काफी मात्रा में चिट्ठियों और पत्रिकाओं की छंटाई की जा रही थीं। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। सूचना मिलने पर डाक विभाग के आला अधिकारी भी पहुंच गए।
जब यह पता चला कि वहां पर धार्मिक पत्रिकाएं कबाड़ी के पास बेची जा रही थीं तो इंडिया पोस्ट के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर डाक को अपने कब्जे में ले लिया। पिंटू नाम के एक आदमी ने 2720 रुपये देकर इन डाक सामग्रियों को सेक्टर 17 के पोस्ट ऑफिस से खरीदा। वह उसे कबाड़ में बेचने के लिए सेक्टर 24 के बूथ नंबर 176 में लाया था। मौके पर पहुंची पुलिस पिंटू को साथ ले गई है। सेक्टर-17 पुलिस ने धार्मिक किताबों को अपने कब्जे में लिया।