संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी ग्रुप के लिए काम कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी का नाम विशाल सिंह है। यह घरिंडा इलाके का रहने वाला है। आरोपी से पुलिस ने प्वाइंट 30 बोर के दो पिस्टल बरामद किए है। आरोपी यूके बेस्ड आतंकी धर्म सिंह उर्फ धर्मा के कहने पर हथियारों की सप्लाई करता था।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बीकेआई का एक सदस्य हथियारों की सप्लाई के लिए जा रहा है। इसी दौरान ट्रैप लगाया गया और फिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से मौके पर ही पिस्टल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि यह हथियार पाकिस्तान से सीमा के इस पार भेजे गए हैं। इन हथियारों को आरोपी स्लीपर सेल को डिलीवर करता था। इसके बाद आतंकियों द्वारा जो आदेश जारी किए जाते थे स्लीपर सेल उसी के अनुसार वारदात को अंजाम देते है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इसके और भी साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी केस दर्ज है।