सुबह 4 बजे से लगी लंबी कतारें, कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु सुरक्षा में 810 पुलिसकर्मी तैनात
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। चैत्र नवरात्र के पहले दिन वीरवार को श्री माता मनसा देवी, काली माता कालका और चंडीमाता मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। तीनों मंदिरों में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेककर माता का आशीर्वाद लिया और सुबह 4 बजे से ही लंबी कतारें लगी रहीं।
पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिरों में मुंडन कराने वालों की भीड़ भी मुंडन घाट पर देखने को मिली।
मंदिर परिसर और आसपास के बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए 810 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। बड़े वाहनों को पार्किंग से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई और श्रद्धालुओं को मार्ग की जानकारी दी जाती रही।
बारिश के बाद मौसम सुहाना रहने से भी श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री, शहरी निकाय मंत्री सहित कई अधिकारियों ने भी मंदिरों में माथा टेका।
लंगरों में हुआ प्रसाद वितरण
श्री माता मनसा देवी मंदिर में प्रसाद के साथ लंगर की व्यवस्था भी की गई। तीनों लंगरों में सामान्य और व्रत का भोजन उपलब्ध कराया गया। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि नवरात्र के दौरान सभी लंगर सुचारु रूप से संचालित किए जा रहे हैं।