पंचकूला। जिले में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें ताकि किसी अनहोनी को होने से रोका जा सके। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में बाढ़ नियंत्रण उपायों एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नदियों के जल स्तर के संबंध में लगातार अपडेट दें व लगातार माॅनिटरिंग कर सही जानकारी सांझा करे। निगम व नगर परिषद क्षेत्र में नालों की लगातार सफाई करें। उन्होंने जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और सेना के पास उपलब्ध संसाधनों के बारे में जाना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हरदम तैयार रहे। उपायुक्त ने संबंधित विभागों से कालका में ड्रेनों व नालों की सफाई के बारे में जानकारी ली।
नदी-नालों के पास ना जाने की उपायुक्त ने करी अपील
उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दिनों में नदी नालों के पास ना जाए और एहतियात बरते ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। उन्होंने सिंचाई विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां खतरा ज्यादा है, वहां पर लोगों के न जाने संबंधी साइन बोर्ड संकेतक लगवाए।
डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए पर्याप्त दवाइयां हों
आपदा प्रबंधन उपायों की समीक्षा करने के दौरान उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में दवाइयां व इंजेक्शन उपलब्ध होने चाहिए।
पानी के टैंकर की सप्लाई सुनिश्चित की जाए
उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता निर्देश दिए कि जिन गांवों में पानी की सप्लाई में बाधा उत्पन्न हुई है, उनमें टैंकर के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाए।