पंचकूला। शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सरकारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी काॅलेज) सेक्टर-1 पंचकूला में पहली बार एमबीए के कोर्स की घोषणा की है। इसमें बताया गया है कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2025 से महाविद्यालय में एमबीए ( मास्टर ऑफ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन) पाठ्यक्रम आरंभ किया जा रहा है। सेक्टर-1 पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि यह काॅलेज के लिए अत्यंत गौरव की बात है। एमबीए की 40 सीटों पर दाखिला दिए जाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए दाखिला प्रक्रिया जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह संस्थान हरियाणा का पहला सरकारी कॉलेज है जिसे यह प्रतिष्ठित पाठ्यक्रम संचालित करने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके माध्यम से पंचकूला ही नहीं, बल्कि समूचे राज्य के छात्र-छात्राओं को एक सशक्त, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती प्रबंधन शिक्षा का अवसर मिलेगा। यह कोर्स विद्यार्थियों को उद्योग जगत की चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और उद्यमशीलता प्रदान करेगा। इससे क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी और पंचकूला को प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही एमबीए पाठ्यक्रम से संबंधित प्रवेश प्रक्रिया, योग्यता मानदंड और अन्य विवरण महाविद्यालय द्वारा जारी किए जाएंगे।
इसके लिए अभी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में बैठक के बाद पूरा फैसला लिया जाएगा। यह बैठक 15 जून से पहले होगी। इसको लेकर विद्यार्थियों में उत्साह भी है। कॉलेज में नए कोर्स शुरू होने से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। इससे कॉलेज में पढ़ाई का स्तर इंटरनेशनल स्तर पर हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य केवल प्रबंधन शिक्षा देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को एक समग्र दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता, वैश्विक सोच और नैतिक मूल्यों के साथ तैयार करना है। यह कोर्स विद्याार्थियों को व्यवसाय, स्टार्टअप्स, कॉर्पोरेट नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में सशक्त भूमिका निभाने के लिए तैयार करेगा।