पंचकूला। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली बिलों का भुगतान अब दोबारा चेक के जरिए स्वीकार करना शुरू कर दिया है। इस प्रक्रिया से वरिष्ठ नागरिकों को बहुत लाभ होने वाला है, क्योंकि पहले वरिष्ठ नागरिक चेक से बिजली बिल जमा करवा देते थे, लेकिन बाद में विभाग की ओर से चेक से पेमेंट लेना बंद कर दिया गया।
इस कारण ऑनलाइन पेमेंट करने में वरिष्ठ नागरिकों को असुविधा होती थी। फेडरेशन आफ रेजिडेंट्स एसोसिएशन के प्रधान आरपी मल्होत्रा, वरिष्ठ उपप्रधान भारत हितैषी ने बताया कि वह पिछले लंबे समय से बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से चेक के जरिए बिजली बिल स्वीकार करने के लिए बैठकें कर रहे थे। इस पर अब विभाग राजी हो गया है। भारत हितैषी ने बिजली बिलों का भुगतान चेक द्वारा स्वीकार किए जाने के लिए फोरा की ओर से बिजली वितरण निगम के आभार व्यक्त किया है।