चंडीगढ़। शहर में मानको को दरकिनार कर चल रहे कोचिंग संस्थानों पर एस्टेट ऑफिस बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। एस्टेट ऑफिस ने मानकों को तार-तार करने वाले सिटी के 160 कोचिंग संस्थानों को चिह्नित किया है। इन्हें नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। इसमें अभी तक करीब 50 संस्थानों को नोटिस भेजा भी जा चुका है।
सूरत के एक कोचिंग संस्थान में हुए हादसे के बाद से सिटी के कोचिंग संस्थानों की जांच पड़ताल चल रही है। एस्टेट ऑफिस द्वारा शहर के सभी कोचिंग संस्थानों में मानकों को लेकर एक सर्वे कराया गया है। इसमें करीब 160 कोचिंग संस्थानों में कमियां मिली हैं। इन संस्थानों की फाइलों के निरीक्षण के बाद एस्टेट ऑफिस अब इन पर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
अब एस्टेट ऑफिस द्वारा 50 से अधिक संस्थानों को नोटिस जारी किया जा चुका है। अब बचे कोचिंग सेंटरों को नोटिस भेजने की तैयारी है। इसके अलावा कई मामलों में एसडीएम कोर्ट की सुनवाई भी चल रही है। इस बारे में एस्टेट ऑफिस के अफसर ने बताया कि जल्द ही बचे कोचिंग सेंटरों को नोटिस भेज दिया जाएगा। यह नोटिस नियमों का सर्वे कराने के बाद भेजा गया है।