इनवेस्ट पंजाब के तहत निवेशकों के लिए सुविधाएं गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्ट पंजाब (पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन) अपनी किस्म का एक ऐसा ‘यूनिफाइड रेगुलेटर’ मॉडल है, जहां सिंगल विंडो सर्विस पोर्टल पर 12 से अधिक विभागों की 66 से अधिक सेवाएं हासिल की जा सकतीं हैं। इन्वेस्टमेंट ब्यूरो के सीईओ को राज्य स्तर की मंजूरियां देने की शक्तियां दी गई हैं। नई नीति में विस्तार करने और नई इकाइयों को समान प्रोत्साहन दिया गया है जिसमें जीएसटी की भरपाई और उदारवादी रोजगार सब्सिडी (बिना किसी निवास की पाबंदी के) भी शामिल हैं।
खेल उद्योग संबंधी एक सवाल के जवाब में कैप्टन ने कहा कि बड़े स्तर पर एमएसएमई का गठन किया गया है। साइकिल और साइकिल पुर्जों के उत्पादन और निर्यात में पंजाब देश का नंबर एक राज्य है। इसके अलावा भारत के ट्रैक्टर उत्पादन में पंजाब का 29 प्रतिशत हिस्सा है और भारत में से ट्रैक्टरों के निर्यात में पंजाब देश का दूसरा राज्य है। उन्होंने कहा कि भारत की सेकेंडरी स्टील मार्केट में पंजाब का हिस्सा 25 प्रतिशत है। भारत में कलपुर्जे और मशीनों के उत्पादन में पंजाब पहला राज्य है।
पंजाब ने 10 फीसदी की आर्थिक विकास दर दर्ज की : तरनजीत संधू
अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों प्रौद्योगिकी पर जोर देते हैं। पिछले एक दशक के दौरान पंजाब के फूड, होजरी, सिलाई मशीनों, साइकिल उत्पादन, खेल के सामान का क्षेत्र और दूसरे क्षेत्रों में बेहतरीन 10 प्रतिशत आर्थिक विस्तार दर दर्ज की गई है।
मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि राज्य सरकार की कोशिश निवेशकों के लिए ऐसा माहौल प्रदान करना था, जिससे अधिक से अधिक निवेश आकर्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल के दौरान राज्य में कुल निवेश 9 मिलियन डॉलर से भी अधिक रहा है और व्यावहारिक अर्थों में कारोबार स्थापित करना आसान किया गया है।