वासुदेवपुरा में पेयजल संकट से भड़के लोगों का प्रदर्शन, विभाग और पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही सबसे अधिक परेशानी
विभाग और पुलिस के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे में खुला जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। गांव वासुदेवपुरा (खड़ा पत्थर) में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार देर रात पिंजौर-नालागढ़ मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी की मोटर खराब होने के कारण लगातार तीन दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पीने के पानी और दैनिक जरूरतों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभाग ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। विभागीय लापरवाही से परेशान होकर ग्रामीणों को सड़क जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द मोटर ठीक कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे फिर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।