पंचकूला। जिले में रविवार को कोरोना के नौ नए मरीज सामने आए हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि जिले में अभी 25 मरीज सक्रिय हैं और यह सभी घर पर ही आइसोलेट हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सेक्टर-छह के सिविल अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की जांच के लिए रविवार को 271 सैंपल एकत्र करके जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44227 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43788 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 618732 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का लोग पालन करें। इसके अलावा लोग टीकाकरण करवाकर अपने आप को सुरक्षित रखें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी नियम का पालन करें, जिससे कि वह अपने आप को कोराना से बचा सकें। वहीं पंचकूला में 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण अब तक 54 फीसदी हो चुका है। 15 से 17 साल के युवाओं का 85.8 फीसदी किया गया है। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने अपील की है कि लोग टीकाकरण में भाग लेकर अपने को कोरोना से बचा सकते हैं। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए।