पंचकूला। पुलिस कमिश्नर डॉ. हनीफ कुरैशी ने पंचकूला में डिजिटल तकनीक का प्रयोग कर अपराधों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत अपराधियों पर कड़ी नजर रखकर उनको जल्द गिरफ्तार करने और उन पर पैनी नजर रखने के लिए ईगल एप के संबंध में मीटिंग की गई। मीटिंग में सभी प्रबंधक थाना, पुलिस चौकी इंचार्ज और अन्य सभी पुलिस अधिकारियों को एप के माध्यम से अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रयोग करने के निर्देश जारी किए हैं।
मीटिंग के दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस एप से अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने में सहायता मिलेगी। इसके अलावा इस एप की सबसे बड़ी खूबी यह है कि पुलिस जब भी किसी संदिग्ध व्यक्ति का चेहरा एप में स्कैन करेंगे तो उसकी पूरी हिस्ट्री सामने आ जाएगी। ऐसे कई अपराधी हैं जो सालों से फरार चल रहे। उनकी धरपकड़ में यह एप बेहद अहम भूमिका निभाएगी। पुलिस को अपराधी के नाम, पता या किसी अन्य पहचान से भी उसकी हिस्ट्री चुटकियों में पता कर सकेगी।
इस संबंध में एसीपी क्राइम अमन कुमार ने सभी प्रबंधक थाना व पुलिस चौकी इंचार्जों के साथ मीटिंग आयोजित करके ट्रेनिंग दे रहे हैं। सभी पुलिसकर्मियों को ईगल एप डाउनलोड करने व इसके इस्तेमाल की ट्रेनिंग दे दी जा रही है।