एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के साथ मुख्य सचिवालय में हुई। ये बैठक बीते 9 सितंबर को करनाल में घेराव के दबाव के बाद हुई। इसमें जिला प्रशासन करनाल का अहम योगदान रहा। बैठक में सभी मांगों पर सहमति बनी तथा जल्द से जल्द पत्र जारी करने के लिए एनएचएम अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
मंगलवार को अधिकारियों के पास किसी मांग को लेकर कोई जवाब नहीं था, इसके लिए प्रधान सचिव ने उन्हें फटकार भी लगाई। इससे स्पष्ट हो गया कि अधिकारी स्तर पर ही सभी काम लंबित है। बैठक में डायरेक्टर एमसीएच डायरेक्टर, प्रशासन डायरेक्टर फाइनेंस डिप्टी डायरेक्टर प्रशासन उपस्थित रहे। वहीं, एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रिहान, उप प्रधान अमित गुर्जर, लीगल एडवाइजर विक्रम सोनी, सचिव कुलविंदर कौर और कोर कमेटी सदस्य संजीव मौजूद रहे।
मीटिंग में इन मुद्दों पर बनी सहमति
मीटिंग में सातवां वेतन आयोग 13 सितंबर की गवर्निंग बॉडी की मीटिंग में स्वीकृत हो सकता है। इसके अलावा कर्मचारी संगठन की ओर से अर्जित अवकाश और एकमुश्त तनख्वाह, हड़ताल की कटी हुई तनख्वाह, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का पत्र जारी करने के आदेश अधिकारियों को दिए गए। जल्द ही सभी मांगों पर सहमति बनने का आश्वासन दिया गया। बुधवार को कुछ मांगे जो सर्व शिक्षा अभियान से मेल खाती हैं उन्हें लेकर दोपहर एक बजे सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारी, एनएचएम के अधिकारियों और एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक रेड बिशप टूरिस्ट कांप्लेक्स पंचकूला में होगी।