पंचकूला। नव वर्ष के अवसर पर पंचकूला पुलिस की ओर से किए गए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के चलते जिले में नया साल पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में मनाया गया। पुलिस की सतर्कता का ही परिणाम रहा कि नव वर्ष की रात किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या सड़क हादसा सामने नहीं आया।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि नव वर्ष के मद्देनजर क्लबों, होटलों, धार्मिक स्थलों, पर्यटक स्थलों और अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जिलेभर में 48 नाकों पर पुलिस बल की तैनाती रही, जबकि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं रातभर फील्ड में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
उन्होंने बताया कि जिले की सभी 29 राइडर, 12 पीसीआर और 19 ईआरवी लगातार गश्त करती रहीं। साथ ही सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और क्राइम ब्रांच की टीमें भी पूरी तरह सक्रिय रहीं। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सुरक्षा के साथ-साथ नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। ड्रकन ड्राइव पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष नाके लगाए। इस दौरान कुल 68 चालान काटे गए और 4 वाहनों को इंपाउंड किया गया। इन नाकों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और किसी भी अनहोनी से बचाव करना था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की अपीलों में आमजन का भी पूरा सहयोग मिला, जिसके चलते पंचकूला में नव वर्ष का जश्न शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।