जीएन गर्ल्स कॉलेज में खुला शिक्षार्थी सहायता केंद्र, व्यवसाय और वाणिज्य से जुड़े तीन पाठ्यक्रम संचालित होंगे
डकाला रोड स्थित जीएन गर्ल्स कॉलेज में स्थापित हुआ केंद्र, बीबीए, बीकॉम और पीजीडीआईबीओ कार्यक्रमों में दाखिले का मौका
विद्यार्थियों को शैक्षणिक परामर्श और शिक्षार्थी सहायता सेवाएं मिलेंगी
जुलाई 2026 सत्र के लिए 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के माध्यम से पटियाला के जीएन गर्ल्स कॉलेज, डकाला रोड में नया शिक्षार्थी सहायता केंद्र स्थापित किया है। केंद्र में व्यवसाय और वाणिज्य से जुड़े तीन पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। जुलाई 2026 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि नए अध्ययन केंद्र में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन इन रिटेलिंग, बैचलर ऑफ कॉमर्स (फाइनेंशियल एंड कॉस्ट अकाउंटिंग) तथा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन इंटरनेशनल बिजनेस ऑपरेशंस कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवसाय, वाणिज्य, वित्त और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान और कौशल प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र से पटियाला और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, महिला शिक्षार्थियों और अन्य अभ्यर्थियों को कम खर्च में उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। केंद्र में शैक्षणिक परामर्श, असाइनमेंट जमा करने की सुविधा, शिक्षार्थी सहायता सेवाएं और अन्य अकादमिक गतिविधियों का लाभ भी उपलब्ध रहेगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि नए अध्ययन केंद्र की स्थापना इग्नू के शिक्षार्थी सहायता नेटवर्क को मजबूत करने और क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ अथवा इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।