अर्बन पंचकूला में सबसे ज्यादा 11 मामले, पिछले साल से दो केस कम मलेरिया का नहीं मिला नया मरीज
इस साल डेंगू से कोई मौत नहीं, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पानी जमा न होने देने की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। जिला पंचकूला में डेंगू का एक और मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की 17 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार अर्बन पंचकूला क्षेत्र में डेंगू का एक नया पॉजिटिव केस मिला है। इसके साथ ही जिले में इस साल डेंगू के कुल मामलों की संख्या 28 पहुंच गई है। राहत की बात है कि अब तक डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है। वहीं, बुधवार को मलेरिया का कोई नया मामला सामने नहीं आया।
अर्बन पंचकूला में सबसे ज्यादा केस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में डेंगू के सबसे ज्यादा 11 मामले अर्बन पंचकूला क्षेत्र में हैं। सूरजपुर में छह, कालका में चार, रायपुररानी में एक, मोरनी में एक, पिंजौर में चार और पीएचसी ओल्ड पंचकूला क्षेत्र में एक केस सामने आया है।
मलेरिया के 10 मामले
मलेरिया की बात करें तो इस साल अब तक जिले में कुल 10 मामले सामने आए हैं। इनमें ओल्ड पंचकूला में आठ, पिंजौर में एक और अर्बन पंचकूला में एक केस शामिल है। 17 सितंबर को मलेरिया का कोई नया केस नहीं मिला।
पिछले साल से डेंगू के दो केस कम
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 17 सितंबर 2025 तक जिले में डेंगू के 30 मामले सामने आए थे, जबकि इस साल इसी अवधि तक 28 केस हैं। हालांकि, मलेरिया के मामले पिछले साल के नौ की तुलना में इस साल बढ़कर 10 हो गए हैं।
पानी जमा न होने दें
स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर एवं डिप्टी सिविल सर्जन (वीबीडी) पंचकूला डॉ. सोनू अरोड़ा ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कूलर, गमले और पुराने टायरों में जमा पानी में डेंगू का मच्छर पनप सकता है। बुखार होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच करवानी चाहिए।