गांव बीड़ घग्गर में महिला समेत तीन घायल, वारदात के बाद गांव में तनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गांव बीड़ घग्गर में बच्चों के मामूली विवाद ने रविवार देर शाम खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी ने गुस्से में आकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दो पुरुष और एक महिला घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव बीड़ घग्गर निवासी बिट्टू ने बताया कि उनके बच्चों का पड़ोस में रहने वाले बच्चों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बच्चों के विवाद के बाद पड़ोसी गुस्से में उनके घर पहुंच गया।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान पड़ोसी ने अचानक चाकू निकाल लिया और बिट्टू, उसके भाई दीपक तथा पत्नी प्रीति पर हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि डायल-112 की चार गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।