पंचकूला। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ा रहा है। इसके बाद भी बाजारों में नियमों का पालन नहीं हो रहा है। लोग बिना मास्क के बाजारों में घूम रहे हैं। सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में कोरोना पर अंकुश कैसे लगेगा यह चिंता का विषय है।
शहर में रोजाना कोरोना के 450 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। इसके बाद भी शहर में लगने वाली सब्जी मंडी 5 बजे के बाद खुल रही है। यह हालात शहर के सेक्टर-15 और सेक्टर-10 सहित कई जगह देखे जा सकते हैं। दुकानों को बंद कराने
के लिए पुलिस और इंसीडेंट कमांडर भी सख्त नहीं दिखाई दे रहे हैं। पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर ने बताया कि शहर की सभी मार्केट में भी कोरोना के दोनों डोज की जांच दुकानदार की ओर से बिना किए सामान दिया जा रहा है। इसकी भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, जिससे कि लोग कोरोना से बच सकें।
पुलिस की कार्रवाई चालान काटने तक सीमित
पुलिस की कार्रवाई केवल चालान काटने तक सीमित है। शहर में रोजाना 132 चालान काटे जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर सौरभ सिंह ने बताया कि जल्द ही दोनों डोज लगवाए जाने की जांच की जाएगी। इसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। पुलिस की ओर से अब मंडी सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर जांच कराई जाएगी कि लोग दोनों डोज लगवाकर आएं। वहीं कोरोना के सभी नियमों का पालन करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।