पंचकूला। श्री माता मनसा देवी मंदिर में 22 सितंबर से 1 अक्तूबर तक आयोजित नवरात्र मेले को लेकर पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में की गई तैयारियों के तहत मंदिर क्षेत्र और आसपास यातायात को लेकर विशेष व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।
डीसीपी ट्रैफिक ने जानकारी दी कि पंचकूला से चंडीगढ़ आने-जाने वाले वाहन चालक मनसा देवी मार्ग से न होकर हाउसिंग बोर्ड वाला रास्ता अपनाएं। मेले के दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे भारी वाहनों की पार्किंग थाना मनसा देवी के पास तय की गई है। मंदिर क्षेत्र में अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। कार, ऑटो और दोपहिया वाहन श्रद्धालु मनसा देवी गोशाला के पास बनी पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करेंगे। वहीं, मनीमाजरा से आने वाले ऑटो व ई-रिक्शा चालक कोहनी साहिब गुरुद्वारा से आगे अंडरपास पार करने के बाद गोशाला पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे। मंदिर परिसर और सिंहद्वार से मुख्य मार्ग तक किसी भी तरह की अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई होगी। डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी की गई है।