पंचकूला। नवरात्र की षष्ठी को माता के मंदिरों में 18760 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा अर्चना की। श्री माता मनसा देवी, श्री काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने 1448168 रुपये चढ़ावा दिया। श्री माता मनसा देवी में 100 और श्री काली माता मंदिर कालका में 15 कैनेडियन डॉलर भेंट स्वरूप चढ़ाए गए। नवरात्र को लेकर मंदिरों में व्यापक व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को सैनिटाइज, मास्क और सामाजिक दूरी के साथ ही माता के दर्शन करने दिया जा रहा है। माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कम ही रही। यहां रविवार को माता के दरबार में 16300 श्रद्धालु पहुंचे। श्री माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालु दर्शनों के लिए मोेबाइल पर रजिस्ट्रेशन करवाते नजर आए।
उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकुल कुमार ने बताया कि श्री माता मनसा देवी में 16300, श्री काली माता मंदिर कालका में 2250 और चंडी माता मंदिर में 210 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। छठे नवरात्र पर श्री माता मनसा देवी और श्री काली माता मंदिर कालका में सोने के चार और चांदी के 124 नग भी दान स्वरूप अर्पित किए गए। श्रीमाता मनसा देवी मंदिर में सोने का एक नग और श्री काली माता मंदिर कालका में सोने के तीन नग, श्रीमाता मनसा देवी मंदिर में चांदी के 92 नग और काली माता मंदिर कालका में चांदी के 32 नग चढ़ावा आया। इसके अलावा श्री माता मनसा देवी में और श्री काली माता मंदिर कालका में कैनेडियन डॉलर भेंट स्वरूप चढ़ाए गए।