पंचकूला। सेक्टर-15 के शिशु गृह में पल रहे 22 माह के बच्चे का अब गुरुग्राम का एक परिवार लालन-पालन करेगा। इस बच्चे को 31 जनवरी को जींद रेलवे स्टेशन पर उसके माता-पिता छोड़ गए थे। उसके बाद 17 जनवरी को बच्चा शिशु गृह में लाया गया। तब से बच्चे की परवरिश शिशु गृह में हो रही थी। शनिवार को इस बच्चे को माता-पिता का प्यार मिला।
भारत सरकार के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने शनिवार को गुरुग्राम के एक परिवार को बच्चे को गोद दिया। इस दौरान हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता ने सत्यपाल जैन को शिशु गृह में चल रही गतिविधियों से अवगत करवाया। रंजीता मेहता ने बताया कि इस शिशु गृह में एक दिन से लेकर छह साल के बच्चे रह रहे हैं। उनका लालन-पालन शिशु गृह सेक्टर-15 के स्टाफ द्वारा किया जा रहा है। मुख्य अतिथि सत्यपाल जैन ने कहा कि अपने बच्चों का लालन-पालन तो सभी लोग करते हैं, लेकिन ऐसे बच्चों का लालन पालन करना बड़ी बात है, जिनका पोषण उनके स्वयं के माता-पिता भी नहीं करना चाहते थे।
पिता को मिला वारिश, बहन को एक भाई
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता ने बताया कि जिस गुरुग्राम के परिवार ने बच्चे को गोद लिया है। उस परिवार में एक बेटी बड़ी बेटी है। इस बच्चे के जाने के बाद परिवार पूरा हो गया है। इस अवसर पर डीपी पुनिया, अर्चना कपूर, शिशु गृह की सुपरिंटेंडेंट अमृतपाल कौर, सुपरवाइजर ईशा राणा, आईटी एक्सपर्ट संजीत कुमार सिंह सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।