पंचकूला। शातिरों ने कस्टमर केयर अधिकारी बनकर पंजाब के पूर्व संयुक्त सचिव बलवीर सिंह (88) से 22 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-15 निवासी बलबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पोता बंगलूरू में एक कंपनी में कार्यरत है। पोते को हाल ही में प्रमोशन मिला है। ऐसे में उन्होंने पोते के पास जाने की योजना बनाई। 13 सितंबर 2023 को करीब 12 हजार रुपये का भुगतान कर 15 सितंबर का हवाई टिकट बुक करवाया। बुकिंग के दिन ही उनके मोबाइल पर सेवा प्रदाता (सर्विस प्रोवाइडर) कंपनी क्लियर ट्रिप की ओर से मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें हवाई टिकट बुक नहीं होने के बारे में बताया गया था और कहा गया था कि पैसे का भुगतान फेल होने के चलते टिकट बुक नहीं हो सका।
बलवीर सिंह ने क्लियर ट्रिप के कस्टमर केयर को पैसे का भुगतान होने के बावजूद टिकट बुक न होने की जानकारी देते हुए पैसे लौटाने के लिए ऑनलाइन गुजारिश की। अगले दिन 14 सितंबर को उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को क्लियर ट्रिप कंपनी का कर्मचारी बताते हुए बुकिंग के पैसा वापस करने के बारे में बात की। बलबीर ने व्यक्ति पर भरोसा नहीं होने की बात बताई तो फोन करने वाले ने अपने किसी सीनियर अधिकारी से बात करवाई। इसके बाद बलबीर उनकी बातों में आ गए। आरोपियों के कहे अनुसार, उन्होंने अपने मोबाइल में एक एप डाउनलोड किया और उसमें अपनी सभी निजी जानकारी भर दी। एप में जानकारी भरते ही के तीन बैंक खातों से 10 लाख, 6 लाख और 6 लाख रुपये कटने का मैसेजे आए। इसके बाद तुरंत उन्होंने मामले की शिकायत साइबर पोर्टल व बैंक को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
- 30 अक्तूबर को सेक्टर-19 निवासी व्यक्ति से 9.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई थी। पीड़ित ने बैंक का नंबर ऑनलाइन सर्च किया था। शातिरों ने बैंक अधिकारी बनकर पैसे ठग लिए। मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
- 10 अक्तूबर को साइबर थाना पुलिस ने सेवानिवृत्त एसडीओ से 4.32 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया था। शातिरों ने बुजुर्ग से क्रेडिट कार्ड अपडेट करने का झांसा देकर ठगी की थी।