संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। आईआईटी दाखिले को लेकर किसी विद्यार्थी ने रिश्तेदारों के कार्यक्रम तो किसी ने मोबाइल से दूरी बनाकर सोमवार को जेईई एडवांस्ड-2025 के घोषित परीक्षा परिणाम में अच्छा रैंक हासिल किया। इसमें रणजीत एवेन्यू स्थित एलन इंस्टीट्यूट का नंदिश मेहरा 297वां रैंक हासिल कर जिला टॉपर रहा।
आकाश इंस्टीट्यूट के जापनीत सिंह का 878वां रैंक रहा। आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड के रीजनल डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र चौहान ने बताया कि जेईई एडवांस्ड-2025 में इंस्टीट्यूट के सफदर हयात खान ने 908, काव्या ने 1220, देवेंद्र साहू ने 1433, हरनूर सिंह ने 10725 और वैभव जिंदल ने 19206 रैंक प्राप्त कर शहर को गौरवान्वित किया। उन्होंने बताया कि जेईई एडवांस्ड का आयोजन प्रतिवर्ष उन छात्रों के लिए किया जाता है जिन्होंने जेईई मेन्स उत्तीर्ण किया है, जिसे देश के किसी एक आईआईटी की ओर से आयोजित किया जाता है। जेईई मेन्स से एनआईटी और अन्य केंद्रीय सहायता प्राप्त इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश होता है, जबकि जेईई एडवांस्ड ही आईआईटी में प्रवेश की अनिवार्य शर्त है। जेईई एडवांस्ड में बैठने के लिए छात्रों को पहले जेईई मेन्स देना आवश्यक होता है।