पंचकूला। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रविवार को नमो क्रिकेट लीग-2026 का ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा। सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित लीग के फाइनल को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि विजेता टीम को 21 लाख रुपये, उपविजेता को 11 लाख, तीसरे स्थान की टीम को पांच लाख और चौथे स्थान की टीम को 2.50 लाख रुपये दिए जाएंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
फाइनल के बाद मशहूर गायक बी. प्राक प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने बताया कि लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें अनुशासन व टीम भावना विकसित करना है।