- परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में उपायुक्त महावीर कौशिक ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। गणतंत्र दिवस से पूर्व मंगलवार को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में अंतिम अभ्यास किया गया। इसमें बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उपायुक्त महावीर कौशिक ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त सुमेर प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। फुल ड्रेस अभ्यास के दौरान परेड कमांडर एसीपी सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में जिला पुलिस, हरियाणा गृह रक्षी, आईटीबीपी, एनसीसी सीनियर विंग, एनसीसी जूनियर विंग, एनसीसी के साथ-साथ सतलुज पब्लिक स्कूल सेक्टर- 4 के विद्यार्थियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया गया। डीएवी स्कूल सेक्टर-8, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-6, भवन विद्यालय सेक्टर-15, सेंट सोल्जर स्कूल सेक्टर-16, सार्थक स्कूल सेक्टर-12, हंसराज पब्लिक स्कूल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-15 के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इसके अलावा आईटीबीपी द्वारा पहली बार डॉग शो का प्रदर्शन किया गया। मंच का संचालन प्रदीप राठौर ने किया। इस अवसर पर एसडीएम ममता शर्मा, नगराधीश गौरव चौहान, एसीपी ममता सौदा, जिला शिक्षा अधिकारी सतपाल कौशिक जिला व पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्कूली बच्चे भी उपस्थित थे। सुबह 11 बजे बूंदाबांदी होने के कारण सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में अभ्यास रुक गया। आधे घंटे बाद यह दोबारा शुरू हुआ। इस दौरान उपायुक्त महावीर कौशिक ने पूरी व्यवस्था जांची। मीटिंग के बाद परेड ग्राउंड की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने 11 नाके लगाने का भी फैसला लिया है।
गणतंत्र दिवस पर सेक्टर- 5 स्थित परेड ग्राउंड में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया कालका में आयोजित उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।