कालका।
टगरा हंसुआ में चाकूनुमा हथियार से वृद्धा की गर्दन, पेट, फेफड़ों और कमर पर 35 वार किए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मामले में पुलिस को एक संदिग्ध की तलाश है। वृद्धा की हत्या के बाद उसकी पोती अभी भी स्कूटी समेत लापता है। इस मामले में पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही है। पुलिस की दो टीमें कालका थाने और तीन टीमें क्राइम की गठित की गई हैं। शनिवार को पुलिस ने वृद्धा गीता देवी का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस की टीमें संदिग्ध की हिमाचल प्रदेश, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में तलाश कर रही है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द वह हत्या के आरोपियों को दबोच लेगी। कालका पुलिस ने वृद्धा गीता देवी की बेटी नीरू की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नीरू का कहना है कि वह अमरावती एनक्लेव में रहती है। उसके बड़े भाई का निधन मार्च 2024 में हो गया था। उसके पिता कवि सरन का निधन 2020 में हो गया था। उसकी मां गीता देवी अपनी बहु शिवानी और उसके तीन बच्चों के साथ कालका में रहती थी। शुक्रवार को उसके चाचा के बेटे ने फोन कर बताया कि उसकी मां गीता देवी खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी है। जब वह मौके पर पहुंची तो देखा कि उसकी मां फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। उसके गले और गर्दन पर चोट के निशान थे। उसकी भाभी शिवानी और दोनों छोटे बच्चे स्कूल थे। बड़ी बेटी सृष्टि ही घर पर थी। नीरू ने बताया कि सृष्टि गायब है, उसका फोन भी बंद आ रहा है।
विज्ञापन
मामले में टीमें गठित की गई हैं, जोकि जगह-जगह दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -जोगिन्द्र शर्मा, एसीपी कालका